मुख्यपृष्ठनए समाचारतिरंगा यात्रा में बवाल... भारत माता के जयकारे नहीं...गूंजे 'भाजपा महामंत्री मुर्दाबाद' के...

तिरंगा यात्रा में बवाल… भारत माता के जयकारे नहीं…गूंजे ‘भाजपा महामंत्री मुर्दाबाद’ के नारे!

-लंभुआ नगर में तिरंगा यात्रा का रूट बदलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बगावत

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

ये नई भाजपा है। यहां कुछ भी तय नहीं है। यहां तक कि जश्न ए आज़ादी पर आयोजित तिरंगा यात्रा का रूट भी नहीं। बुधवार को अवध के सुल्तानपुर जिले के लंभुआ नगर में इस यात्रा के दौरान बवाल हो गया।
भाजपा ने अपने कार्यकर्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी के संयोजन में तिरंगा यात्रा निकाली थी। लंभुआ के सर्वोदय इंटर कॉलेज से निकलकर वीर अब्दुल हमीद चौक (दुर्गापुर तिराहा) तक रूट तय था। व्यवस्था नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह को दी गई थी, लेकिन ऐन मौके पर यात्रा का तय मार्ग बदलकर उसे मुख्य चौराहे से दियरा रोड- पठखौली रोड होते हुए फिर से सर्वोदय इंटर कॉलेज कर दिया गया। इससे वीर अब्दुल हमीद चौक पर हुई व्यवस्था धरी की धरी रह गई। इससे नपं अध्यक्ष समर्थक भाजपाई आक्रोशित हो उठे। ‘भारतमाता की जय’ और ‘वंदेमातरम’ की जगह ‘महामंत्री विजय त्रिपाठी मुर्दाबाद’ के नारे गूंजने लगे।आरोप है कि भाजपा जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी ने राजनैतिक हित साधते हुए यह करवा दिया। बीते नपं चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में विजय प्रताप त्रिपाठी अध्यक्ष पद से उम्मीदवार रहे। जिन्हें निर्दल प्रत्याशी अवनीश सिंह ने पराजित कर दिया था। बाद में अवनीश सिंह लखनऊ कार्यालय में पार्टी में शामिल हो गए थे।
नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह ने कहा कि मैने सारी व्यवस्था कर रखी थी, पर जिला महामंत्री ने यात्रा दूसरे मार्ग से घुमवा दिया। उधर जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी नहीं है। कार्यकर्ताओं की नाराजगी का आलम ये रहा कि स्थानीय तिरंगा यात्रा के लिए जमखुरी निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी को संयोजक बनाया गया था। यात्रा के मार्ग तय करने व एसडीएम – सीओ के साथ उनकी बैठक भी हो चुकी थी। मार्ग बदलने से नाराज यात्रा संयोजक ओम प्रकाश आधे मार्ग से वापस लौट गये।

अन्य समाचार