हिमांशु राज
मुंबई के ऐतिहासिक रॉयल ओपेरा हाउस में एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज ने अपनी बहुप्रतीक्षित वार ड्रामा 120 बहादुर का म्यूजिक एलबम लॉन्च कर भव्य शाम का आयोजन किया। इस मौके पर निर्देशक रजनीश ‘रेजी’ घई, निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के साथ अभिनेत्री राशी खन्ना, संगीतकार अमित त्रिवेदी, सलीम–सुलेमान और गायक सुखविंदर सिंह, जावेद अली, असीस कौर व गीतकार जावेद अख्तर जैसे सितारे मौजूद थे।फिल्म के पहले गाने “दादा किशन की जय” ने पहले ही देशभक्ति की लहर जगा दी थी, जबकि नए एलबम में शामिल गीत मैं हूं वो धरती मां, याद आते हैं और नैने रा लोभी ने इस जोश को और ऊंचाई दी है। अमित त्रिवेदी, सलीम–सुलेमान और अमजद–नदीम–आमिर की संगीत रचना तथा जावेद अख्तर के प्रभावशाली बोलों ने पूरे एल्बम को भावनात्मक गहराई दी है। यह एलबम वीरता, समर्पण और मातृभूमि के प्रेम को संगीतमय अंदाज में प्रस्तुत करता है। जश्न के इस मौके पर जब गीतकार जावेद अख्तर मंच पर आए, तो पूरा माहौल देशभक्ति के जुनून से भर गया। 120 बहादुर की कहानी 1962 के रेजांग ला युद्ध में लड़ी 13 कुमाऊं रेजीमेंट के 120 सैनिकों की वास्तविक बहादुरी पर आधारित है। फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) की भूमिका निभा रहे हैं। एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज की यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
