मुख्यपृष्ठसमाचारनालासोपारा में ट्रांसफॉर्मर में आग से 6 साल की बच्ची की मौत,...

नालासोपारा में ट्रांसफॉर्मर में आग से 6 साल की बच्ची की मौत, दो लोग गंभीर रूप से जख्मी

राधेश्याम सिंह

वसई। नालासोपारा-पश्चिम के डांगेवाडी इलाके में सोमवार रात महावितरण के ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस भीषण आग के हादसे में एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची नसरीन परवीन शेख गंभीर रूप से झुलस गई थी। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी झुलसकर घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार देर रात अचानक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर तीन लोग झुलस गए। सबसे गंभीर रूप से घायल हुई 6 वर्षीय नसरीन को पहले बोळींज महा नगर पालिका अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और मंगलवार सुबह बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महावितरण की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।

नागरिकों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर की जर्जर और खतरनाक स्थिति के बारे में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन न तो विभागीय अधिकारियों ने और न ही संबंधित ठेकेदारों ने कोई ठोस कदम उठाया।नालासोपारा विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त सुनील जायभाये ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक विद्युत निरीक्षक की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की सघन जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह कोई पहली घटना नहीं है जब महावितरण की लापरवाही पर सवाल उठे हैं। कुछ ही समय पहले विरार पश्चिम के अर्नाळा धसपाडा में ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत के दौरान चार कर्मचारियों को करंट लग गया था, जिसमें एक युवक जयेश घरत (28) की मौत हो गई थी। 6 वर्षीय नासरीन की मौत से आक्रोशित नागरिकों ने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करके उनके खिलाफ कार्रवाई किया जाए।

अन्य समाचार

पिता