उमेश गुप्ता / वाराणसी
चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग स्थित मलिन बस्ती में सोमवार की भोर में हुई एक सनसनीखेज वारदात में चारपाई पर सो रहे 60 वर्षीय राजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजन अपने बेटे की सगाई की तैयारियों में शामिल होने के लिए मिर्जापुर के नारायणपुर से वाराणसी आया था, लेकिन सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस घटना से जुडे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, राजन की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी नारायणपुर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग की हरिजन बस्ती में रहती है। दूसरी पत्नी के बेटे की 20 जून को सगाई तय है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन कुछ दिन पहले वाराणसी आया था।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात राजन अपने बेटे के साथ चारपाई पर सोया था। सोमवार की भोर में बेटा बाथरूम के लिए उठा तो देखा कि पिता के मुंह पर गमछा रखा हुआ है और चारपाई से खून टपक रहा है। गमछा हटाकर देखा तो राजन के सिर में तीन गोलियां लगी थीं। हैरानी की बात यह रही कि बगल में सो रहे बेटे को गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी।
घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो कारतूस भी बरामद किए हैं. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि घटना की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
