-भारतीय कपड़े, सॉफ्टवेयर, रत्न, दवाइयां ऑटो पार्ट्स, रसायन, आदि सेगमेंट को लगेगा झटका
एजेंसी / वॉशिंगटन
मोदी सरकार को अमेरिका ने धमकी दी है। इसके अनुसार, अगर भारत ने रूस से तेल खरीदना जारी रखा तो अमेरिका भारत के ऊपर ५०० फीसदी का तुगलकी ‘ट्रंप टैक्स’ (टैरिफ) लगा देगा। यह धमकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने दी है।
ट्रंप की पार्टी के नेता लिंडसे का कहना है कि भारत लगातार रूस की मदद कर रहा है। भारत के खिलाफ लिंडसे की यह पहली धमकी नहीं है। वे हालिया दिनों में बार-बार टैरिफ के नाम पर भारत को धमकाने की कोशिश करते रहे हैं। अगर अमेरिका ऐसा करता है तो इससे भारत के कई उद्योगों को झटका लगेगा। इनमें कपड़े, सॉफ्टवेयर, रत्न, दवाइयां रसायन आदि सेगमेंट को झटका लगेगा।
दोनों देशों के रिश्तों में तनाव
अमेरिकी सीनेटर की ओर से इस तरह की भाषा अमेरिका से भारत के रिश्तों में तनाव पैदा कर सकती है। ग्राहम ने दावा किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनको चीन और भारत पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक (सैंक्शन बिल) तैयार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अब इस विधेयक पर आगे बढ़ने का समय आ गया है।
