मुख्यपृष्ठनए समाचारकोलकाता दुष्कर्म मामले में चौंकाने वाला खुलासा...प्लान बनाकार हुआ गैंगरेप!..

कोलकाता दुष्कर्म मामले में चौंकाने वाला खुलासा…प्लान बनाकार हुआ गैंगरेप!..

-३ आरोपी पहले भी छात्राओं को बनाते थे निशाना

कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में यह साफ हो गया है कि यह कोई अचानक घटी घटना नहीं थी, बल्कि उसे पूरी तरह सुनियोजित और संगठित अपराध के तौर पर अंजाम दिया गया था। कोलकाता पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बताया है कि गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन मनोजीत मिश्रा, प्रतीम मुखर्जी और जैद अहमद ने पहले से ही योजना बना रखी थी। ये तीनों आरोपी कॉलेज में पहले भी यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपी छात्राओं को लंबे समय से निशाना बनाते आ रहे थे और उनके खिलाफ कई मौखिक शिकायतें पहले भी कॉलेज प्रशासन को दी जा चुकी थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एसआईटी की जांच रिपोर्ट में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इसके मुताबिक, चौथा आरोपी कोई और नहीं, बल्कि कॉलेज का सुरक्षा गार्ड है। वह न केवल वारदात का गवाह था, बल्कि उसमें शामिल भी था। आरोपियों ने वारदात के बाद पीड़िता का मुंह बंद रखने के लिए गार्ड का मोबाइल छीन लिया, जिससे कि कोई रिकॉर्डिंग लीक न हो।
वीडियो रिकॉर्डिंग से ब्लैकमेलिंग
खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने मोबाइल से यौन उत्पीड़न की घटनाओं का वीडियो रिकॉर्डिंग करते थे। बाद में इन वीडियो का उपयोग ब्लैकमेलिंग के लिए करते थे। कुछ वीडियो को तो व्हॉट्सऐप ग्रुपों में शेयर करके मनोरंजन और उपहास का माध्यम बनाया जाता था।
१७ छात्रों से होगी पूछताछ
कॉलेज के छात्रों के अनुसार, मनोजीत को `मैंगो’ के नाम से जाना जाता था और वह महिलाओं की तस्वीरें मॉर्फ करके वायरल करता था। पुलिस ने उस दिन कॉलेज में मौजूद १७ छात्रों की सूची तैयार की है, जिनसे पूछताछ की जाएगी। यह मामला कोलकाता की शैक्षणिक संस्थाओं में बढ़ते अपराध और राजनीतिक संरक्षण की भयावह तस्वीर को उजागर करता है।

अन्य समाचार