सामना संवाददाता / मुंबई
शिंदे गुट के मंत्री भरत गोगावले द्वारा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के संदर्भ में हत्यारा और मारपीट करनेवाले नेता कहे जाने को लेकर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जताई है। भाजपा ने आंखे तरेरते हुए गोगावले को हद में रहने का निर्देश दिया है। गोगावले के बयान को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गंभीरता से लिया है। भरत गोगावले को पार्टी की ओर से इस तरह के बयान नहीं देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें भाजपाइयों की ओर से जमकर फटकार लगाई गई है। साथ ही यह भी समझाया गया है कि सार्वजनिक मंचों पर बोलते समय सावधानी बरतनी चाहिए। कुछ नेताओं ने तो यहां तक स्पष्ट बोल दिया कि मीडिया के सामने गोगावले को बोलने पर भी पाबंदी लगाई जानी चाहिए। इस मामले में नितेश राणे ने भी कड़ा रुख अपनाया और गोगावले को खरी-खोटी सुनाई है, जिसके बाद बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर भरत गोगावले ने माफी मांगी है। सह्याद्रि अतिथि गृह में हुई वैâबिनेट बैठक के बाद राणे और गोगावले के बीच बातचीत हुई, जिसमें भरत गोगावले को नितेश राणे ने भला-बुरा भी कहा, जिसके बाद गोगावले ने खेद व्यक्त किया, ऐसी जानकारी मिली है।
