आईपीएल-२०२५ में अपने नाम का डंका बजवानेवाले १४ वर्ष के वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टन में भारत अंडर १९ और इंग्लैंड अंडर १९ के बीच हुए दूसरे यूथ वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा। बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने सिर्फ ३४ गेंदों में ४५ रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने ५ चौके और ३ छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी देखकर लग रहा था कि वो इंग्लैंड से मैच दूर ले जाएंगे। हालांकि, ११वें ओवर में तेज गेंदबाज जैक होम द्वारा आउट किए जाने के बाद गुस्से से पैवेलियन लौटने का इशारा करनेवाले जैक के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए ८ गेंदों पर १८ रन बनानेवाले वैभव का इसे दुर्भाग्य ही कहना होगा कि जैक ने उनका विकेट लेकर बाजी मार ली। बता दें कि भारत अंडर १९ और इंग्लैंड अंडर १९ के बीच खेले गए पहले वनडे में भी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला था। सूर्यवंशी ने २५२.६३ के तूफानी स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए १९ गेंद में ४८ रन ठोके थे।
