कोर्ट ने कहा कि एक वरिष्ठ वकील से समाज और जूनियर वकीलों को आदर्श मिलने की अपेक्षा होती है, लेकिन इस तरह की हरकत से पूरे संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचती है।
गुजरात हाई कोर्ट की वर्चुअल सुनवाई में टॉयलेट शीट पर बैठे-बैठे जुड़ने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि वरिष्ठ वकील के बीयर पीने का मामला सामने आया है, जिसका एक वीडियो खूब वायरल है। बता दें कि कोर्ट की सुनवाई चल रही थी, पूरा कोर्ट रूम वकीलों और लोगों से भरा हुआ था। इस दौरान वकील भास्कर तन्ना वर्चुअल हियरिंग के लिए ऑनलाइन जुड़े हुए थे। जज साहब उनके केस की सुनवाई कर रहे थे और सामने स्क्रीन पर तन्ना खड़े दिख रहे थे। तभी तन्ना ने एक ग्लास उठाया और घूंट लगाने लगे। इस ग्लास में बीयर भरा हुआ लग रहा था, जिसे देखकर सभी लोग हैरान रह गए। बता दें कि जज साहब की जब इस पर नजर पड़ी तो वे भड़क गए और उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू कर दी।
जस्टिस एएस सुपेहिया और आरटी वचानी की बेंच ने इसे `अत्यंत आपत्तिजनक व्यवहार’ करार देते हुए तन्ना को फिलहाल वर्चुअल मोड में उनके समक्ष पेश होने से प्रतिबंधित कर दिया है। कोर्ट ने इसके साथ ही कहा कि यह आदेश मुख्य न्यायाधीश को भेजा जाएगा और अगर अनुमति मिली, तो दूसरी बेंच के साथ भी शेयर किया जाएगा। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने अपने आदेश में लिखा, ‘अगले आदेश तक भास्कर तन्ना को इस बेंच के सामने वर्चुअल मोड में हाजिर होने से रोका जाता है। रजिस्ट्री को आदेश दिया जाता है कि वह इस आदेश से माननीय मुख्य न्यायाधीश को अवगत कराए। यदि मुख्य न्यायाधीश अनुमति दें, तो यह आदेश अन्य पीठों के प्रधान निजी सचिवों और निजी सचिवों को भी भेजा जाए।’
