मुख्यपृष्ठनए समाचारअडानी के लिए मनपा पर २,३६८ करोड़ रुपए का बोझ... देवनार डंपिंग...

अडानी के लिए मनपा पर २,३६८ करोड़ रुपए का बोझ… देवनार डंपिंग ग्राउंड का हुआ सौदा!.. विपक्ष ने महायुति पर लगाए गंभीर आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई

धारावी पुनर्विकास परियोजना के नाम पर मुंबई महानगरपालिका पर २,३६८ करोड़ रुपए का भारी भरकम वित्तीय बोझ डाला गया है। अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार आम जनता की कमाई बर्बाद कर रही है। ऐसा गंभीर आरोप कांग्रेस नेता नाना पटोले ने लगाया है। पटोले ने कहा कि धारावी के जो नागरिक इस परियोजना के लिए पात्र नहीं हैं, उनके लिए देवनार में ५० हजार मकान बनाकर उन्हें किराए पर दिए जाएंगे। इन मकानों को बनाने के लिए तत्कालीन सीएम ने २०२४ में देवनार डंपिंग ग्राउंड को खाली करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। क्या यह धारावी पुनर्विकास है या देवनार डंपिंग का सौदा है? ऐसा सवाल भी पटोले ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए यह सरकार मनपा पर २,३६८ करोड़ रुपए की कचरा परियोजना का बोझ डाल रही है।
पटोले ने कहा कि वर्ष १,९२७ से मौजूद देवनार डंपिंग ग्राउंड पर १८५ लाख मीट्रिक टन कचरा जमा हो गया है। अब इस कचरे की सफाई की जिम्मेदारी मुंबई महानगरपालिका को सौंपी गई है। इस पर २,३६८ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। महानगरपालिका हर दिन २३ हजार मीट्रिक टन तक कचरा हटाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए तीन साल में सबसे बड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट टेंडर निकाला गया है। इस प्रोजेक्ट पर कई गंभीर सवाल उठे हैं। अडानी घर बनाएगा, जमीन महानगरपालिका खाली करेगी और इसका सारा खर्च मुंबईकरों और राज्य की जनता के टैक्स के पैसे से पूरा किया जाएगा। क्या यह योजना वाकई जनहित में है?

अन्य समाचार