मुख्यपृष्ठनए समाचार...वरना तेरे पति को कुएं में फेंक देंगे! ...नासिक में भाजपा नेता...

…वरना तेरे पति को कुएं में फेंक देंगे! …नासिक में भाजपा नेता की गुंडागर्दी; `लाडली बहन’ को दी धमकी

-महिला के आरोप पर नगरसेवक के खिलाफ डराने-धमकाने का मामला दर्ज
सुनील ओसवाल / नाशिक
कानून व्यवस्था और विकास के दावों के बीच नाशिक शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सत्ता और स्थानीय दबंगई के गठजोड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला ने भाजपा के नगरसेवक समेत तीन लोगों पर घर और प्लॉट खाली कराने के लिए लगातार धमकाने, अश्लील हरकतें करने और पति की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में उपनगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मच गई है।
प्रभाग क्रमांक १७ के भाजपा नगरसेवक प्रशांत दिवे, वसंत गुलाब पाटील और प्रशांत गुलाब पाटील के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत जेल रोड स्थित सिद्धेश्वर नगर इलाके में रहने वाली एक विवाहित महिला ने दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था ताकि वे तंग आकर मकान और जमीन छोड़ दें। शिकायत के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे महिला किराना सामान लेकर घर लौट रही थी। तभी कॉलोनी के कुएं के पास उसे रोका गया। वहां मौजूद वसंत पाटील ने कथित तौर पर कहा, `कितने दिन तक परेशान होती रहेगी? नगरसेवक प्रशांत दिवे और मेरे भाई प्रशांत पाटील ने कहा है कि अगर घर और प्लॉट खाली नहीं किया, तो तेरे पति को इसी कुएं में फेंक देंगे।’
नगरसेवक की दहशत से सहमी महिला!
महिला का आरोप है कि धमकी देने के दौरान अश्लील इशारे किए गए और उसे जबरन पकड़ने की कोशिश भी की गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि नगरसेवक की दहशत के कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। इस घटना के बाद शहर में यह सवाल उठने लगा है कि यदि जनप्रतिनिधियों पर ही जमीन कब्जाने और महिलाओं को धमकाने जैसे आरोप लग रहे हैं, तो आम नागरिक आखिर किस पर भरोसा करें?

अन्य समाचार