फर्जी टीटीई की गिरफ्तारी से यात्रियों में भय का माहौल
राधेश्याम सिंह / पालघर
दहानू रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक युवक को फर्जी टीटीई बनकर ट्रेन में यात्रियों की टिकट जांच करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। घटना सूरत-बोरीवली एक्सप्रेस (19015 डाउन) के कोच नंबर A-9 की है, जहां ड्यूटी पर तैनात असली टिकट निरीक्षक ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। इसके बाद, उसे दहानू आरपीएफ द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।
टिकट निरीक्षक श्याम किशोर प्रसाद की सूझबूझ ने इस फर्जी टीटीई की पहचान की। उन्होंने युवक को यात्रियों से टिकट चेक करते देखा, जिससे उन्हें शक हुआ। तत्काल उन्होंने युवक से पूछताछ की और ट्रेन के दहानू रोड स्टेशन पर पहुंचने पर उसे आरपीएफ के हवाले कर दिया।
आरोपी युवक ने खुद को किरण हरेश सोलंकी (23) बताया, जो मुंबई के सर्वोदय स्टाफ क्वार्टर नंबर 60, गोलीबार रोड, घाटकोपर (पूर्व) का निवासी है। पूछताछ में वह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि वह ट्रेन में टिकट जांच का काम किस अधिकार से कर रहा था। कांस्टेबल रामोतार मीणा, अविनाश पाटिल और प्रवीण कुमार मीणा ने आरोपी को पालघर आरपीएफ थाने लाकर मेडिकल जांच कराई। जहां से उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी पालघर के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी पालघर ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 204 और रेलवे अधिनियम की धारा 137 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी ऐसी कोई फर्जी गतिविधि की है। यह घटना रेलवे सुरक्षा और नियमों के पालन की अहमियत को फिर से रेखांकित करती है।
