मुख्यपृष्ठनए समाचारपालघर के मोखाडा-त्र्यंबक रोड पर अफीम से भरी कार जब्त, आरोपी फरार

पालघर के मोखाडा-त्र्यंबक रोड पर अफीम से भरी कार जब्त, आरोपी फरार

राधेश्याम सिंह

पालघर। पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने जिले में चल रहे अवैध धंधों को जड़ से खत्म करने के लिए सभी थाना प्रभारियों और स्थानीय अपराध शाखा, पालघर को कड़े निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत, 21 जुलाई 2025 को लगभग रात 2:02 बजे, मोखाडा पुलिस स्टेशन में नियुक्त पुलिस कर्मी पोहवा/984 शशिकांत भोये और पोअं/1515 बापु नागरे गश्त पर थे। इस दौरान उन्होंने मोखाडा-त्र्यंबक रोड पर तेज़ रफ्तार से जाती हुई एक क्रेटा कार (क्रमांक एमपी -09-सीजेड-6669) को देखा, जिस पर उन्हें संदेह हुआ। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो चिचुतार गांव के पास चालक ने कार रोककर चाबी निकाल दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

कार की जांच करने पर उसमें 111.420 किलोग्राम वजन के सूखे अफीम पौधों के चूरे की खेप मिली, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7,80,340/- आंकी गई है। इसके अलावा कार से एचआर 36-एसी-2410 और एमएच 05-डीएस-2526 नंबर की नकली नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। जिस क्रेटा कार में यह सामग्री ले जाई जा रही थी, उसकी कीमत ₹8,00,000/- है।

इस प्रकार कुल ₹15,80,340/- मूल्य का माल जब्त किया गया है। इस संबंध में मोखाडा पुलिस स्टेशन में गु.र.सं. 119/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 15(क), 8(क), बीएनएस धारा 318 और मोटर व्हीकल एक्ट धारा 184 के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस अपराध की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रेमनाथ ढोले कर रहे हैं, जो वर्तमान में मोखाडा पुलिस स्टेशन में नियुक्त हैं।

अन्य समाचार