—भरतकुमार सोलंकी, वित्त विशेषज्ञ
कोविड गया, मार्केट खुला, बिज़नेस वापस पटरी पर आया — लेकिन कई व्यापारियों के म्यूच्यूअल फ़ंड के खाते आज भी जैसे सूख चुके हैं। बार-बार रिडेम्प्शन, एसआईपी के इंस्टॉलमेंट बैंक में Insufficient Balance के कारण रिजेक्ट — और पूछो तो जवाब आता हैं “जनाब, प्रॉपर्टी खरीदनी थी… लॉकडाउन में खर्चे बढ़ गए थे!”
सच बोले? यह सब बहाने हैं। असली वजह एक ही हैं— बिज़नेस मैनेजमेंट में खामी।
सोचिए ज़रा — लाखों-करोड़ों का माल घुमाने वाले व्यापारी, जो रोज़ नक़दी में खेलते हैं, वही जब मंदी या संकट आता हैं, सबसे पहले अपने निवेश को तोड़ते हैं। क्यों? क्योंकि बिज़नेस की नक़दी प्रवाह की योजना कभी बनी ही नहीं। मुनाफ़े से कमाया पैसा हमेशा ईंट और छत में लगाया, मगर उसे कभी चालू पूँजी या लिक्विड सुरक्षा कवच में बदलने का विचार नहीं किया।
एसआईपी — जो धीरे-धीरे आपके परिवार की फाइनेंशियल शील्ड बन सकती थी — बैंक में बैलेंस न होने की वजह से रुक जाती हैं और व्यापारी शान से कहते हैं, “प्रॉपर्टी खरीद ली न इसलिए रोक दी।” पर असल सच्चाई यह हैं कि प्रॉपर्टी खरीदना मजबूरी नहीं, नक़दी प्रबंधन की नाकामी हैं।
यह एक गहरी बीमारी हैं —
व्यापारी पैसे कमाने में माहिर, पर पैसे को संभालने में लाचार।
घर, दुकान, प्लॉट ही एसेट — बाक़ी सब फालतू।
पर सवाल ये है:
क्या वही ईंट-पत्थर आपके बच्चे की पढ़ाई, आपके अस्पताल के बिल, आपके रिटायरमेंट की गारंटी हैं?
या वे वही करेंगे जो प्रॉपर्टी हमेशा करती है — कीमत बढ़ी तो वाह-वाह, बेचना हैं तो मुश्किल, गिरी तो पूरी रात नींद उड़ गई।
आईना देखिए: आपका बिज़नेस तभी मज़बूत हैं जब नक़दी का प्रवाह प्लान किया हुआ हो।
आपका परिवार तभी सुरक्षित हैं जब निवेश विविध और संतुलित हो।
आपकी पूँजी तभी बढ़ती हैं जब पैसा बैठा नहीं, काम करता हैं।
म्यूच्यूअल फ़ंड, लिक्विड स्कीम्स, डेट, इक्विटी — ये सिर्फ़ निवेश नहीं, ये बिज़नेस के सच्चे पार्टनर हैं। ये वही हैं जो मंदी में हाथ पकड़ सकते हैं, महामारी में ऑक्सीजन दे सकते हैं और रिटायरमेंट में इज़्ज़त बचा सकते हैं।
पर जब तक व्यापारी भाई दीवार-छत को ही एसेट मानते रहेंगे, तब तक लॉकडाउन और लापरवाही के हर झटके के बाद एक ही नतीजा निकलेगा — निवेश टूटा, एसआईपी टूटी, बिज़नेस भी टूटा।
अब भी समय हैं। मैनेजमेंट का फ़ोकस सिर्फ़ माल और मुनाफ़े पर नहीं, नक़दी प्रवाह और कैपिटल ग्रोथ पर लाएँ। इन्वेस्टमेंट को लापरवाही नहीं, रणनीति बनाएँ और सबसे ज़रूरी बहाने नहीं, समाधान ढूँढें। क्योंकि असली बीमारी कोविड नहीं थी, लॉकडाउन नहीं थी, प्रॉपर्टी नहीं थी। बीमारी सिर्फ़ बिज़नेस मैनेजमेंट की थी।
