मुख्यपृष्ठनए समाचारकच्ची दीवार गिरी, मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत

कच्ची दीवार गिरी, मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत

राजेश सरकार / प्रयागराज

कुंभ नगरी प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में बारिश से नम कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबकर बुज़ुर्ग दंपति की मौत हो गई। जबकि उनके साथ सो रहे नाती को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यमुनापार के अमिलिया कला गांव मे सोमवार आधी रात को हुए इस हादसे के बाद कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मेजा एसीपी एसपी उपाध्याय और थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। फोर्स ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे बुजुर्ग दंपति और उनके नाती को बाहर निकाला। बुजुर्ग पति-पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही घायल नाती को इलाज मुहैया कराया।

स्थानीय पुलिस को दिए गए अपने बयान में नाती ने बताया है कि उनके नाना नानी अक्सर अपने पड़ोसी को उनके कच्चे मकान की दीवार के मरम्मत के लिए कहते रहे लेकिन पड़ोसी उनकी बात को अनसुनी करता रहा। नतीजा यह हुआ कि सोमवार आधी रात पड़ोसी के मकान की कच्ची दीवार ढह गई। दीवार के बगल में उनका भी घर है जिससे उनकी दीवार भी ढह गई और मलबे के ढेर में नाना नानी और वह दबे रहे। चीख पुकार हुई तो ग्रामीण घरों से निकले और मलबा हटाने में जुट गए। तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। फोर्स पहुंची तो बुजुर्ग दंपति और नाती साजेब खान को मलबे से बाहर निकाला गया। तब तक दंपति की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। नाती ने नाना नानी की मौत के लिए पड़ोसी को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस अधिकारी से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी और ग्रामीणों ने मृतक आश्रितों को आर्थिक मदद दिए जाने के लिए प्रशासन से आग्रह किया है। गांव में ऐतिहातन पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जानकारी के अनुसार अमिलिया कला गांव में एहसन जमा खान उर्फ मल्लू खान (६२) और उनकी पत्नी सालहा बेगम (५५) रहते हैं। उनके घर के बिल्कुल बगल सजारूल हक का कच्चा मकान है। सोमवार आधी रात सजारूल हक के कच्चे घर की दीवार ढह गई। जिससे मल्लू के घर की दीवार भी चपेट में आने से गिर गई और भारी मलबे में बुजुर्ग दंपत्ति और उनका नाती दब गए। पुलिस के अनुसार मल्लू के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतक आश्रितों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मदद करेगा। इस वक्त पूरा गांव इस हादसे की वजह से दुखी है। गांव में अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

अन्य समाचार