मुख्यपृष्ठअपराधकिसी और से गपशप करने पर मिली सजा-ए-मौत...गले में बांधी चुन्नी, मुंह...

किसी और से गपशप करने पर मिली सजा-ए-मौत…गले में बांधी चुन्नी, मुंह में ठूंसी घास!

-दूसरे लड़के से बात करने पर प्रेमी ने गर्लफ्रेंड को मार डाला

झुंझुनू जिले के गुढ़ा बावनी क्षेत्र में ७ सितंबर की रात हुई एक युवती की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि युवती की उसके प्रेमी ने मुंह में घास ठूंसकर और चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर प्रेमी नाराज चल रहा था। लव-अफेयर से जुड़े इस हत्याकांड में परिजनों का मंगलवार से गुढ़ागौड़जी अस्पताल में धरना जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी तक परिजन शव लेने को तैयार नहीं हैं। परिवार का साफ कहना है कि जब तक आरोपी सलाखों के पीछे नहीं जाएगा तब तक वे अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
बता दें कि गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि घटना ७ सितंबर की आधी रात की है। खरबासो की ढाणी निवासी बंटी मेघवाल ने कानिका की ढाणी की रहनेवाली टीना मेघवाल (१९) को फोन कर घर से बाहर बुलाया। घर से करीब १५० मीटर दूर पड़ोसी कमलेश ओला के खेत में दोनों मिले। वहां आरोपी ने उसे दूसरे युवक से बातचीत बंद करने के लिए समझाया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर बंटी ने उसकी चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। सुबह उसका शव खेत में मिला। टीना की बड़ी बहन ने दोनों की शादी की बात भी चलाई, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। लगभग ६ महीने पहले बंटी पढ़ाई के लिए जयपुर चला गया। इस दौरान टीना का किसी दूसरे युवक से संपर्क हो गया और वह बंटी को नजरअंदाज करने लगी। जब बंटी वापस गांव आया तो उसे पता चला कि टीना किसी और से बात कर रही है। जिससे वह नाराज हो गया। सोमवार सुबह जब परिजनों ने युवती को बिस्तर पर नहीं देखा तो तलाश शुरू की।
`जब तक न्याय नहीं तब तक चैन नहीं’
मंगलवार को भी यह धरना जारी है। ग्रामीणों की भारी भीड़ हॉस्पिटल के बाहर जुटी रही। महिलाओं ने भी धरने में भाग लिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है और परिवार न्याय मिलने तक चैन से नहीं बैठेगा।

अन्य समाचार