मुख्यपृष्ठनए समाचारहाई कोर्ट के ‘हंटर’ से एक्शन में आई ठाणे मनपा...गणेशोत्सव के बाद...

हाई कोर्ट के ‘हंटर’ से एक्शन में आई ठाणे मनपा…गणेशोत्सव के बाद फिर चला ५ अवैध इमारतों पर बुलडोजर!

-तोड़क कार्रवाई में १० परिवार विस्थापित

सामना संवाददाता / ठाणे

ठाणे मनपा (टीएमसी) ने गणेशोत्सव के बाद अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई फिर से शुरू कर दी है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद मनपा प्रशासन ने सोमवार को दिवा में स्थित पांच अवैध इमारतों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यानी अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने अवैध इमारतों को गिराना शुरू कर दिया है। मनपा की इस कार्रवाई में दस परिवार विस्थापित हुए हैं।
बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में दिवा में अवैध निर्माणों का बोलबाला रहा है। बिल्डरों ने सभी नियमों को ताक पर रखकर बड़ी-बड़ी इमारतें खड़ी कर दी हैं। कई जरूरतमंदों ने महंगे कर्ज लेकर और गहने बेचकर घर खरीदे हैं। हालांकि, कोर्ट ने सभी अवैध इमारतों को गिराने का आदेश दिया है। ऐसे में गणेशोत्सव के बाद ठाणे मनपा ने फिर से यह विशेष अभियान शुरू किया है।
मनपा आयुक्त ने दिए थे संकेत
गौरतलब हो कि मनपा आयुक्त सौरभ राव ने संकेत दिए थे कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। तोड़क कार्रवाई के इस मामले में ठाणे मनपा के उपायुक्त शंकर पटोले और मनीष जोशी ने बताया कि दिवा में गिराई गई पांच में से दो इमारतों में १० परिवार रहते थे, जबकि अन्य तीन इमारतें खाली थीं। हाई कोर्ट के आदेश के तहत, शहर में अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें से दो सद््गुरुनगर में और एक दिवा-शील रोड पर और बाकी अन्य जगहों पर स्थित हैं।
अब तक २२७ निर्माणों पर हुई कार्रवाई
मनपा अधिकारियों के मुताबिक, प्रशासन ने अब तक २२७ अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की है और इस दौरान काम में बाधा डालने वाले २४ लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे घर खरीदने के पहले मनपा के संबंधित विभाग से संपर्क करके यह जांच लें कि जिस इमारत में घर ले रहे हैं, वो वैध है या अवैध। अगर अवैध है तो उसमें घर न खरीदें।

अन्य समाचार