मुख्यपृष्ठनए समाचारउप मुख्यमंत्री के बंगले में विधायक को ‘नो एंट्री'?

उप मुख्यमंत्री के बंगले में विधायक को ‘नो एंट्री’?

– संजना जाधव को बंगले के गेट पर रोका

– सुरक्षा कर्मियों से झगड़ा, आदेश आने पर छोड़ा

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर महायुति में बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी बीच उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुंबई स्थित नंदनवन बंगले पर एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। जानकारी के अनुसार, कन्नड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक संजना जाधव विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में शामिल होने नंदनवन बंगले पहुंची थीं। आरोप है कि बंगले के प्रवेश द्वार पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। काफी देर तक उन्हें एंंट्री नहीं दी गई। विधायक होने की जानकारी देने के बावजूद प्रवेश में हुई देरी से संजना जाधव नाराज हो गर्इं और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर अपना असंतोष जताया। हालांकि, बहुत बाद में अंदर से आदेश आया तब उन्हें प्रवेश दिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक सुरक्षा कर्मचारियों से बहस करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें काफी देर तक गेट पर इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उधर, विधान परिषद चुनाव को लेकर महायुति अपने सभी सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटी है। जलगांव और छत्रपति संभाजीनगर-जालना क्षेत्र की चुनावी रणनीति को लेकर भी नंदनवन बंगले पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

अन्य समाचार