मुख्यपृष्ठनए समाचारखोपोली रूट पर रात का ‘ब्रेक’!

खोपोली रूट पर रात का ‘ब्रेक’!

-हर सप्ताह तीन दिन लोकल सेवा होगी प्रभावित

-यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

सामना संवाददाता / मुंबई

मध्य रेलवे ने पलसधरी-खोपोली रेलखंड पर ट्रैक सुरक्षा और रखरखाव कार्य के लिए विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक की घोषणा की है। यह ब्लॉक १७/१८ जून २०२६ की मध्यरात्रि से शुरू होकर अगले दो महीनों तक प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार की रात संचालित होगा। इसके चलते खोपोली मार्ग पर चलनेवाली कई लोकल सेवाएं रद्द और आंशिक रूप से संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के अनुसार, रात १:३० बजे से सुबह ४:३० बजे तक तीन घंटे का विशेष ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पलसधरी और खोपोली के बीच उपनगरीय रेल सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। ट्रैक पर टीएसआर (टेम्पररी स्पीड रेस्ट्रिक्शन) संबंधी कार्य किए जाएंगे, जिन्हें रेलवे ने सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक बताया है।
ये लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द
ब्लॉक के कारण गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को खोपोली से रात १२:३० बजे चलने वाली खोपोली-कर्जत लोकल पूरी तरह रद्द रहेगी।
वहीं बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से रात ११:१८ बजे रवाना होने वाली सीएसएमटी-खोपोली लोकल को खोपोली तक न ले जाकर कर्जत स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया जाएगा।
ब्लॉक शुरू होने से पहले खोपोली के लिए अंतिम लोकल सीएसएमटी से रात १०:२८ बजे रवाना होगी। वहीं खोपोली से ब्लॉक से पहले की अंतिम लोकल रात ११:२० बजे कर्जत के लिए चलेगी।
ब्लॉक समाप्त होने के बाद पहली लोकल कर्जत से सुबह ५:४३ बजे खोपोली के लिए रवाना होगी, जबकि खोपोली से सीएसएमटी के लिए पहली लोकल सुबह ४:५० बजे प्रस्थान करेगी।

अन्य समाचार