मुख्यपृष्ठअपराधनौकरी गई तो प्रोफेसर बना मोबाइल चोर!..रेलवे पुलिस ने रंगे हाथ किया...

नौकरी गई तो प्रोफेसर बना मोबाइल चोर!..रेलवे पुलिस ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस ने एक उच्च शिक्षित अंग्रेजी प्रोफेसर को मोबाइल फोन चुराते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि हाल ही में उसकी नौकरी चली गई थी, जिसके चलते वह बेरोजगार हो गया था। पैसों की तंगी के कारण उसने मोबाइल चोरी का धंधा शुरू किया था।
आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। बोरीवली रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी वैâमरों की मदद से आरपीएफ के कांस्टेबल ने उसे चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इसके बाद जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बोरीवली रेलवे पुलिस के मुताबिक, आरोपी बोरिवली स्टेशन पर सो रहे एक यात्री की जेब से मोबाइल फोन निकालने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधि सीसीटीवी पर संदिग्ध लगते ही आरपीएफ कांस्टेबल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे धर दबोचा। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जीआरपी पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या उसने इससे पहले भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस यह भी पता करने की कोशिश कर रही है कि क्या हकीकत में वह प्रोफेसर है या झूठ बोलकर पुलिस को गुमराह कर रहा है।
मजबूर होकर अपनाया चोरी का रास्ता
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एम.ए. और बी.एड. डिग्रीधारी है और पहले भायंदर व कांदिवली के कॉलेजों में अंग्रेजी पढ़ाया करता था। कुछ समय पहले उसकी नौकरी चली गई, जिसके बाद उसकी आर्थिक हालत बेहद खराब हो गई। रहने के लिए उसके पास स्थायी घर भी नहीं है। शुरुआती दिनों में वह वसई के होटल और लॉज में ठहरता था, लेकिन जब पैसों की तंगी बढ़ी तो उसने मजबूर होकर चोरी का रास्ता अपना लिया।

अन्य समाचार