मुख्यपृष्ठअपराधहाई अलर्ट पर मुंबई!..तीन दिनों बाद भी लोडेड राइफल लेकर भागनेवाले का...

हाई अलर्ट पर मुंबई!..तीन दिनों बाद भी लोडेड राइफल लेकर भागनेवाले का पता नहीं

-सर्च ऑपरेशन में जुटीं पुलिस-नेवी की टीमें, अभी तक हाथ खाली

सामना संवाददाता / मुंबई

नेवी नगर में सुरक्षा के लिए तैनात अग्निवीर की बड़ी लापरवाही के चलते पुलिस के साथ-साथ सभी सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मची हुई है। खतरे के मद्देनजर मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि अति सुरक्षित इलाके नेवी नगर से लोडेड राइफल लेकर भागने वाला शख्स तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ नहीं लगा है ।
राइफल और गोला बारूद लेकर भागने वाले शख्स को पकड़ने के लिए चप्पे- चप्पे पर सर्च ऑपरेशन जारी है। कोलाबा स्थित नौसेना के आवासीय परिसर में हुई इस घटना को सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला माना जा रहा है। सुरक्षा में लापरवाही और धोखाधड़ी से हथियार ले जाने पर नौसेना के ऊपर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच, आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस), नौसेना के अधिकारी और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमें लगाई गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ड्यूटी पर तैनात २० वर्षीय अग्निवीर ने अपने रिलीवर को पहचाना क्यों नहीं और उस अज्ञात शख्स को ४० राउंड्स लोडेड इंसास राइफल और ३ मैगजीन वैâसे सौंप दिया? यह घटना ६ सितंबर की है, जब मुंबई में गणपति मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ी भीड़ इकट्ठा थी।
क्या होती है इंसास राइफल?
इंडियन न्यू स्मॉल आर्म्स सिस्टम राइफल भारत द्वारा अपनी सेना के लिए विकसित एक गैस-ऑपरेटेड असॉल्ट राइफल हैै। ९० के दशक के अंत में पुरानी राइफलों की जगह लेने के लिए इसे लाया गया था। इंसास सिंगल शॉट या थ्री-राउंड बर्स्ट मोड में फायर कर सकती है और इसमें ऑप्टिकल साइट्स और ग्रेनेड लॉन्चर भी लगाए जा सकते हैं।
वर्दी में आया आरोपी
अग्निवीर ड्यूटी पर तैनात था, तभी नेवी की शीघ्र कार्रवाई दल की वर्दी में आए शख्स ने उसे ड्यूटी से फ्री करने का झांसा दिया और उसकी इंसास राइफल अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया। अग्निवीर को बाद में पता चला कि रिलीवर के नाम पर आया व्यक्ति फरार हो गया और साथ में लोडेड राइफल भी ले गया। इस तरह की जानकारी मिलते ही नौसेना अधिकारियों में हड़कंप मच गया और उसने फौरन कफ परेड पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज करवाई।

अन्य समाचार