कोई भी अनहोनी रोकने के लिए पुलिस-एसएसबी तैनात
नेपाल की अशांति के बीच यूपी सरकार ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। नेपाल में जनआंदोलन को देखते हुए उत्तर भारत की सीमा सील की जा चुकी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के बहराइच से लेकर लखीमपुर के ७ जिलों को हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस-एसएसबी को तैनात किया गया है। डीजीपी ने नेपाल सीमा से सटे जिलों को २४ घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं भारतीय नागरिकों की मदद के लिए विशेष कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
बता दें कि नेपाल में जारी अशांति और विद्रोह की पृष्ठभूमि में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। सीमावर्ती जिलों में कड़ी निगरानी रखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। नेपाल में अस्थिर हालात को देखते हुए यूपी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को मजबूत कर दिया है। सीमाओं को सील करने के साथ ही सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सीमावर्ती जिलों में बढ़ी पुलिस की गश्त
इसके अलावा, भारतीय नागरिकों की मदद के लिए डीजीपी मुख्यालय में विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसकी जिम्मेदारी एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश को दी गई है। यहां तीन हेल्पलाइन नंबर और एक व्हॉट्सऐप नंबर चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। जिन पर सीधे मदद ली जा सकेगी। सीमावर्ती जिलों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटने में देर न हो।
