ऑस्ट्रेलिया टूर के लिए इंडिया ‘ए’ टीम की कप्तानी करनेवाले श्रेयस अय्यर भले ही चैंपियंस ट्रॉफी-२०२५ में भारतीय टीम के टॉप स्कोरर रहे थे और उन्होंने अपनी कप्तानी में पंजाब किंग्स को आईपीएल-२०२५ के फाइनल में पहुंचाया था। फॉर्म में होने के बावजूद चयनकर्ताओं द्वारा उन्हें एशिया कप स्क्वाड में न चुने जाने के बाद अब एक बातचीत में श्रेयस ने राज खोलते हुए बताया कि उन्होंने असहनीय दर्द झेला है। २०२३ वर्ल्ड कप के बाद लगी चोट के बारे में बात करते हुए श्रेयस ने कहा, ‘मैंने उस समय कितना भयानक दर्द झेला, उसे कोई नहीं समझ सकता। मेरे एक पैर को लकवा मार गया था। जब रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होती है, तो आप रॉड लगवाकर भी काम चला सकते हैं, लेकिन जब नस की दिक्कत हो जाए, तो यह बहुत खतरनाक हो सकती है, मुझे भी यही समस्या थी। वो दर्द बहुत भयानक था, जो पैर की उंगलियों तक दौड़ रहा था। वो बहुत भयानक अनुभव था।’
