मुख्यपृष्ठखेल९ विकेट से लहराया परचम ... टीम इंडिया का धमाका

९ विकेट से लहराया परचम … टीम इंडिया का धमाका

टीम इंडिया ने टी-२० एशिया कप-२०२५ में कल धमाकेदार शुरुआत करते हुए यूएई के खिलाफ ९ विकेट से जीत दर्ज हासिल की। टीम इंडिया को सिर्फ ५८ रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने ४.३ ओवर में चेज किया। टीम इंडिया ने ९३ गेंद बाकी रहते विजयी परचम लहराया। अभिषेक शर्मा ने १६ गेंदों में ३० रनों की पारी खेली, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल हैं। शुभमन गिल ने ९ गेंदों में नाबाद २० रन बनाए। उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद ७ रन बनाए। टॉस जीतकर बॉलिंग चुननेवाली टीम इंडिया ने यूएई को बहुत तगड़ा जख्म दिया। टीम इंडिया ने यूएई को १३.१ ओवर में महज ५७ रनों पर ढेर कर दिया। यह यूएई का टी-२० इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है। स्पिनर कुलदीप यादव और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने जोरदार गदर काटा। कुलदीप ने २.१ ओवर में ७ रन देकर चार विकेट चटकाए। शिवम ने २ ओवर में चार रन खर्च करने के बाद तीन शिकार किए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट हासिल किया। पहले बैटिंग करने उतरी यूएई की टीम ने बिना विकेट गंवाए २६ रन जोड़े। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैदान पर जमकर कहर बरपाया। यूएई ने महज ३१ रन जोड़कर १० विकेट गवां दिए। यूएई की ओर से अलीशान शराफू (२२) ने सर्वाधिक रन बनाए। कप्तान मुहम्मद वसीम के बल्ले से १९ रन निकले। विकेटकीपर राहुल चोपड़ा (३) और हर्षित कौशिक (२) समेत यूएई के आठ खिलाड़ी दहाई अंक भी पार नहीं कर पाए। कुलदीप ने नौवें ओवर में तीन शिकार किए, जिससे यूएई की कमर टूट गई। भारत एशिया कप का डिफेंडिंग चैंपियन है। एशिया कप के इतिहास में भारत ने सर्वाधिक आठ खिताब जीते हैं।

अन्य समाचार