मुख्यपृष्ठनए समाचार‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ एवं ‘हिंदी दिवस उत्सव’ संपन्न

‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ एवं ‘हिंदी दिवस उत्सव’ संपन्न

सामना संवाददाता / मालाड

मालाड (प.) स्थित प्रह्लादराय डालमिया लायंस कॉलेज के सभागृह में शिक्षक सम्मान कार्यक्रम, ‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ एवं ‘हिंदी दिवस उत्सव’ उत्साह के साथ मनाया गया।
९० पूर्णकालिक व अंशकालिक शिक्षकों का सारस्वत सम्मान उन्हें उपहार, पुष्पकलिका, चॉकलेट देकर किया गया। कॉलेज के ट्रस्टी व कर्णधार परिषद के महामंत्री लायन कन्हैयालाल घ. सराफ ने बड़े ही रोचक ढंग से अपना एक व्यंग्य लेख ‘पुरुष-पुराण’ श्रोताओं की तालियों के बीच पढ़ा। दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में ‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ फलक चित्र का अनावरण तथा हिंदी के समर्थन में १४ फलकों पर अंकित सूक्ति वाक्यों को छात्रों ने प्रदर्शित किया। हास्य–व्यंग्य के सशक्त हस्ताक्षर ‘लाफ्टर चैलेंज’ तथा ‘कॉमेडी सर्कस’ फेम सुनील सांवरा के बतरस मनोरंजन कार्यक्रम ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और भावविभोर कर दिया। कॉलेज प्रबंधन के लायन श्यामसुंदर रूइया, लायन कमल रूइया व प्राचार्य प्रो. डॉ. डी.एन. गंजेवार ने कवि व अभिनेता सुनील सांवरा का सारस्वत सम्मान शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ व मानधन प्रदान कर किया। स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में उन्नति झाला, धीरज मिश्रा व दक्षा सावरकर छात्रों को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार एवं श्रुष्टि पांडेय व अंजलि पासी को प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त हुआ। निर्णायक थे प्रा. किरण मिश्रा व प्रा. दीपिका शुक्ला। छात्रों में क्रिश रेमेडियस, हेबशीबा शेट्टी व मुस्कान झा ने कार्यक्रम का संचालन व उपप्राचार्या डॉ. माधवी निघोसकर ने अपने मनोगत व आभार प्रदर्शन में कॉलेज प्रबंधन की प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रा. संदीप गुप्ता, राजेश दुबे, पूनम पटवर्धन व सुशील यादव की अहम भूमिका रही।

अन्य समाचार