सामना संवाददाता / मुंबई
सांताक्रुज स्थित रोज मैनर इंटरनेशनल विद्यालय में इस वर्ष भी हिंदी दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति उत्साह और प्रेम जागृत करने हेतु विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक काव्य-पाठ और कहानी प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 9वीं, 10वीं, AS एवं A लेवल के विद्यार्थियों ने “वर्तमान समय में मानवीय मूल्य कम हो रहे हैं” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेकर समाज को मानवीय मूल्यों को संरक्षित रखने का संदेश दिया। वहीं अन्य विद्यार्थियों ने “देश के विकास में हिंदी की भूमिका” पर विचार व्यक्त किए।
विद्यालय की मुख्याध्यापिका डॉ. शीला फ्लिप ने हिंदी की मधुरता और महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रबंधक मेरी रोज नाजरथ विद्यार्थियों को सदैव प्रेरणा और प्रोत्साहन देती रही हैं। सभी अध्यापक–अध्यापिकाओं के सहयोग से यह भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
