-छोटे भाई ने कबूला पिता के डांट से बड़े भाई ने रचा किडनैप का ड्रामा
– पुलिस कर रही बड़े भाई की तलाश
राजेश सरकार / प्रयागराज
कौंधियारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कथित अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिली कि बेलवा गोठी गांव निवासी पटेल बिरादरी के दो भाइयों को स्कॉर्पियो सवार लोगों ने अगवा कर लिया है। खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के एक व्यक्ति के चार पुत्र हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा कक्षा 10 का छात्र है। उसके छोटे भाई ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दोनों साइकिल से कोचिंग जा रहे थे। रास्ते में मवैया गांव के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो उनके पास आकर रुकी। आरोप था कि गाड़ी से उतरे लोगों ने दोनों भाइयों को जबरन वाहन में बैठा लिया। बाद में छोटे भाई को गांव के बाहर उतार दिया गया, जबकि बड़ा भाई उनके साथ चला गया। छोटा भाई किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों भाई सामान्य रूप से साइकिल से जाते दिखाई दिए, जिससे पुलिस को कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद छोटे भाई से दोबारा पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसके बयान बार-बार बदलते रहे। पहले उसने बताया कि वह ऑटो से घर लौटा था, जबकि बाद में कहा कि स्कॉर्पियो सवार लोग ही उसे गांव के बाहर छोड़कर गए थे। पुलिस की सख्ती से पूछताछ पर उसने पूरी सच्चाई बता दी। छोटे भाई ने स्वीकार किया कि बड़े भाई के कहने पर उसने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। उसने बताया कि रास्ते में बड़ा भाई उसे छोड़कर ई-रिक्शा से कहीं चला गया था। तीन दिन पहले पिता ने पढ़ाई को लेकर बड़े भाई को डांट दिया था, जिससे वह नाराज था और घर छोड़कर चला गया। डीसीपी यमुनानगर विवेक कुमार यादव ने बताया कि पूछताछ में छोटे भाई ने अपहरण की कहानी को पूरी तरह झूठा बताया है। छात्र अपनी मर्जी से घर छोड़कर गया है और उसी के कहने पर छोटे भाई ने पुलिस को गुमराह किया था। सीसीटीवी फुटेज में भी छात्र ई-रिक्शा से जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
