मुख्यपृष्ठसमाचारसुल्तानपुर के आठ माध्यमिक स्कूल हमेशा के लिए ‘खत्म’

सुल्तानपुर के आठ माध्यमिक स्कूल हमेशा के लिए ‘खत्म’

-स्ववित्तपोषित आठों स्कूलों में दो वर्षों से नहीं हो रहा था पठन-पाठन

-न ही हाई स्कूल-इंटर बोर्ड परीक्षाओं में हिस्सा ले रहे थे छात्र

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

यूपी के शिक्षा विभाग ने सुल्तानपुर के आठ स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता रद्द कर उन्हें हमेशा के लिए बंद कर दिया है। आरोप है कि इन स्कूलों में लगातार दो वर्षों से न तो कक्षाएं संचालित हो रही थीं और न ही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में कोई परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहा था।
सुल्तानपुर के डीआईओएस एस.पी. सिंह ने बताया कि इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम के अंतर्गत हाई स्कूल अथवा इंटरमीडिएट स्तर की मान्यता प्राप्त किसी विद्यालय से यदि लगातार दो वर्षों तक कोई छात्र परीक्षा में सम्मिलित नहीं होता अथवा कक्षाएं संचालित नहीं होती हैं, तो संबंधित विद्यालय की मान्यता स्वतः समाप्त मानी जाएगी।
पिछले दो सत्रों में प्रदेश के 465 स्कूलों की मान्यता समाप्त कर दी गई है। इनमें सुल्तानपुर जिले के भी आठ विद्यालय शामिल हैं। इनमें पं. राम प्रसाद शिक्षा संस्थान, श्रीमती राजकुमारी मिश्र बालिका इंटर कॉलेज, तवक्कलपुर नगरा, सूरापुर; रमानिवास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बावड़िया, कादीपुर, शिव कुमारी देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय, राईबीगो; कृष्णा हायर सेकेंड्री स्कूल, ताजुद्दीनपुर, अखंडनगर; ग्रामोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय, माली का पुरवा, कामतानगर, लम्भुआ; जय बहादुर सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज, गुलालपुर तथा माता हर्ष शुक्ला इंटर कॉलेज, हर्षनगर, देहली बाजार शामिल हैं।

अन्य समाचार