मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर की खस्ताहाल सड़कों पर भ्रष्टाचार का डामर!..मरम्मत के नाम पर २२...

मीरा-भायंदर की खस्ताहाल सड़कों पर भ्रष्टाचार का डामर!..मरम्मत के नाम पर २२ करोड़ गए गड्ढे में…मुंबई हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर

सुरेश गोलानी / भायंदर

मीरा-भायंदर में मेट्रो रेल लाइन क्रमांक-९ के निर्माण कार्य के लिए एमएमआरडीए नियुक्त ठेकेदार द्वारा की गई जगह-जगह खुदाई के कारण पास से गुजरने वाली सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई है। सड़कों पर पड़े गड्ढों के कारण राहगीर और वाहन चालक दुर्घटना के शिकार तो हो ही रहे है इसके अलावा यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। जाम लगने के कारण यात्रा का समय भी बढ़ जा रहा है और र्इंधन की बर्बादी भी हो रही है। इन सभी समस्याओं को लेकर गो ग्रीन फाउंडेशन ट्रस्ट से जुड़े वीरभद्र कोनापुरे द्वारा मुंबई उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका की सुनवाई मंगलवार १६ सितंबर को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष निर्धारित की गई है।
कोनापुरे का आरोप है कि प्रशासन ने तीन वर्ष पहले कथित रूप से बिना किसी निविदा के ठेकेदार को २२ करोड़ १२ लाख ४९ हजार रुपए का टेंडर दिया और जनता के टैक्स रूपी पैसों से मैस्टिक डामर से सड़क बनाई, लेकिन घटिया स्तर का काम हुआ, जिससे सड़कों पर कुछ ही महीनों के भीतर फिर से गड्ढों का साम्राज्य बनके तैयार हो गया। मीरा-भायंदर शहर में सड़कों पर गड्ढों के कारण नागरिकों को अपनी जान हथेली पर लेकर यात्रा करनी पड़ रही है।
आए दिन चालक हो रहे दुर्घटना के शिकार
आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में मीरा रोड के प्लेजेंट पार्क के पास स्थित सर्विस रोड के मोड पर कंचन विश्वकर्मा नामक महिला चालक के गुलाबी ऑटोरिक्शा का अगला पहिया सड़क पर पानी से भरे करीब एक फीट के गड्ढे में फंस गया। घटना में न सिर्फ कंचन गंभीर रूप से घायल हो गईं, बल्कि उनके रिक्शा को भी भारी नुकसान हुआ।
दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग
घटिया स्तर के काम में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के अलावा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए वीरभद्र कोनापुरे ने जनहित याचिका दायर की है। बता दें कि इस संबंध में एमएमआरडीए आयुक्त को कई बार लिखित पत्रों के माध्यम से सूचित किया गया है। नेताओं ने तो फावड़े लेकर फोटो सेशन भी किया, इसके बावजूद सड़कों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

अन्य समाचार