-16 सितंबर को सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट के सामने होगा बड़ा प्रदर्शन
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
सुप्रीम कोर्ट के टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्यता के फैसले से क्षुब्ध उत्तर प्रदेश के प्राथमिक शिक्षक अब आंदोलन की राह पर हैं। प्रबल संभावना जताई जा रही है कि १६ सितम्बर को शिक्षक समुदाय जिलाधिकारी कार्यालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करेगा।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मंगलवार को नगर स्थित तिकोनिया पार्क में दोपहर २ बजे से प्रदेशव्यापी सांकेतिक धरना आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षक जुटने की उम्मीद है। साथ ही प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
शिक्षक संघ के आह्वान पर यह जमावड़ा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह उनके आजिविका पर लग रहे ग्रहण का विरोध है। टीईटी अनिवार्य किए जाने से शिक्षक समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। संघ के प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि प्रधानमंत्री को भेजे जाने वाले ज्ञापन में यह मुख्य मांग रखी गई है कि टीईटी परीक्षा लागू करने से पूर्व शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जो शिक्षक भर्ती हुए थे, उन्हें टीईटी अनिवार्यता से छूट दी जाए। इसके अतिरिक्त, संघ का यह भी स्पष्ट उद्देश्य है कि आरटीई (राइट टू एजुकेशन) लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखा जाए। साथ ही १५ वर्षों से लंबित शिक्षकों की पदोन्नति को वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। निजाम खान ने कहा कि शिक्षकों की यह स्थिति अब ‘करो या मरो’ की बनती जा रही है, जिस पर सरकार को संवेदनशीलता से ध्यान देना अनिवार्य है, नहीं तो आंदोलन और तेज़ होगा।
