-सेवाप्रदाता फर्म ने उपभोक्ताओं बगैर सोलर प्लांट लगाए…लाखों डकारे
-डीएम ने लिया संज्ञान…दर्ज कराया केस
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी के अवध क्षेत्र में स्थित सुल्तानपुर जिले में पीएम सूर्यघर योजना में ही एक सेवाप्रदाता फर्म ने उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी कर डाली है। बगैर सोलर प्लांट स्थापित किये ही उपभोक्ताओं के लाखों रूपये डकार लिए हैं। प्रकरण संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी इंदरजीत सिंह ने शिकायतकर्ताओं की तहरीर पर नगर कोतवाली में केस दर्ज करा दिया है।
यूपी के वैकल्पिक ऊर्जा विकास संस्थान की सूचना के अनुसार, लखनऊ की अमर शहीद पथ स्थित पंजीकृत वेंडर फर्म ‘ओइको श्रीम इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके प्रतिनिधि राज कुमार सिंह ने सुल्तानपुर के तीन उपभोक्ताओं के नाम पर सवा साल पहले बैंक से लोन स्वीकृत कराया। लोन की बड़ी राशि सीधे फर्म के खाते में जमा हो गई, लेकिन पीड़ितों के घरों पर आज तक सोलर प्लांट नहीं लगाए। इनमें सुल्तानपुर के ओम नगर निवासी नंदलाल तिवारी, करुणाशंकर कालोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद गुप्त और बढैय्याबीर निवासी मोहित मिश्र शामिल हैं। नंदलाल तिवारी के नाम पर एसबीआई से १,८०,००० रुपये, जबकि राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और मोहित मिश्रा के नाम पर क्रमश: १,७५,५०० व १,७५,५०० रुपये फर्म के खाते में ट्रांसफर कर ली। प्रकरण गत दिवस जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने मामले में शिकायत की, जिस पर नगर कोतवाली ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र राज करेंगे।
