क्या ये महाराष्ट्र को भड़काने की कोशिश है?
सामना संवाददाता / मुंबई
दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क मैदान के प्रवेश द्वार पर बनाई गई मांसाहेब सौ. मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा के चबूतरे पर कुछ समाज विरोधी तत्वों ने लाल रंग फेंक दिया। इस घटना से शिवसैनिकों में तीव्र आक्रोश पैâल गया। इसकी खबर पैâलते ही महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर इस घटना का कड़ा विरोध किया गया। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि अपने मां-बाप का नाम बताने में जिन्हें शर्म आती है, उन्होंने ही यह कृत्य किया होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह महाराष्ट्र को भड़काने की कोशिश की जा रही है?
मांसाहेब की प्रतिमा का अपमान होने की जानकारी मिलते ही उद्धव ठाकरे शिवाजी पार्क पहुंचे। शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे भी इस समय उनके साथ मौजूद थे। मांसाहेब को नमन करने के बाद उद्धव ठाकरे ने घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज जो हुआ है, वह अत्यंत निंदनीय है। जिसे अपने मां-बाप का नाम लेने में शर्म आती है, ऐसे किसी आवारा व्यक्ति ने यह काम किया होगा। या फिर जैसे बिहार में पीएम मोदी की मां के अपमान का बहाना बनाकर बिहार बंद कराने की नाकाम कोशिश की गई थी, वैसे ही यहां महाराष्ट्र को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे भी पहुंचे
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी मांसाहेब की प्रतिमा का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी ली। इससे पहले, प्रतिमा के चबूतरे पर रंग फेंके जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में शिवसैनिक शिवाजी पार्क में जमा हो गए थे, जिससे वहां तनाव का माहौल बन गया था। शिवसैनिकों ने प्रतिमा और चबूतरे की सफाई करके मांसाहेब को नमन किया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। सुबह के समय यह संदिग्ध प्रतिमा के आसपास दिखाई दिया था। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
