सामना संवाददाता / नैनीताल
नागरिक सुरक्षा को लेकर नैनीताल के वरिष्ठ भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र सिंह बिष्ट हमेशा से ही सजग रहे हैं। फिर चाहे सड़कों का मुद्दा हो, पानी की समस्या हो या सीवर जैसी तमाम जनसमस्याएं, वे विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर चेताने का काम करते रहे हैं। इस बार बिष्ट ने नैनीताल की एक प्रमुख समस्या से अधिकारियों को रूबरू कराते हुए जल्द सुधार की मांग उठाई है।
नैनीताल शहर के प्रमुख चौराहे चीना बाबा से लेकर मोहनको चौराहे तक सड़क किनारे लगाई गई लोहे की जालियां पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। इसको लेकर सामाजिक कार्यकर्ता बिष्ट कई बार संबंधित विभाग, लोक निर्माण विभाग, को सूचित कर चुके हैं, मगर नतीजा सिफर ही रहा। अब एक बार फिर उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा है कि यदि समय रहते जालियों को ठीक नहीं किया गया, तो जनमानस आंदोलन करने को बाध्य होगा।
गौरतलब है कि नैनीताल में सड़क किनारे लगी लोहे की जालियां अक्सर हादसों का कारण बन रही हैं। इन जालियों के टूटने से राहगीरों, खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों, के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है, जो नागरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभागीय स्तर पर बड़ी चूक है। लिहाजा, वक्त रहते शहर में सड़क किनारे लगी सभी जालियों का उचित रखरखाव और मरम्मत की जानी चाहिए, जिससे लोगों को आवाजाही में सहूलियत हो और सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
