मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : जानवर ने बख्शी बच्ची की जान, बेरहम मां ने काटा...

तहकीकात : जानवर ने बख्शी बच्ची की जान, बेरहम मां ने काटा बेटी का गला

फिरोज खान

उज्बेकिस्तान की रहनेवाली एक ४० वर्षीय महिला का अपने पति से रोज विवाद होता। रोज-रोज के विवाद से तंग आकर एक दिन महिला के पति ने उसे तलाक दे दिया। तलाक के बाद अब महिला अपनी ४ वर्षीया बेटी के साथ अलग रहने लगी। पति से अलग होने के बाद महिला को जब अकेलापन महसूस होने लगा तो उसने दोबारा शादी करने का मन बनाया, लेकिन उसकी दूसरी शादी में उसकी बेटी राह में रोड़ा बन रही थी। अब महिला ने अपनी नई जिंदगी के लिए बेटी को रास्ते से हटाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने हर किसी का दिल चीरकर रख दिया। महिला का रिश्ता दूसरी जगह पक्का हो जाने के बाद महिला का होनेवाला दूसरा पति बच्ची को अपनाने को राजी नहीं था। इसलिए महिला ने अपनी बेटी को रास्ते से हटाने के लिए एक साजिश रची। एक दिन वो अपनी बेटी को घर से दूर स्थित चिड़ियाघर में घुमाने ले गई। वहां वो बेटी को काफी देर तक घुमाती रही, लेकिन उसके मन में खौफनाक साजिशे हिलोरें मार रही थी। साजिश को अंजाम देने से पहले बेटी को चॉकलेट खिलाने और पानी पिलाने के बाद महिला उसे लेकर भालू के बाड़े के पास पहुंची। कुछ देर वहां खड़े रहकर वो बेटी को भालू दिखाती रही और मौका मिलते ही बेटी को रेलिंग से ऊपर उठाते हुए भालू के बाड़े में फेंक दिया। भालू बड़ी तेजी से बच्ची की तरफ बढ़ा। वो बच्ची को मुंह में दबोचता उससे पहले उसके दिल में बच्ची के प्रति रहम पैदा हो गया और वो खामोशी से बच्ची को निहारता रहा। लोगों की चीख-पुकार सुनकर चिड़ियाघर के कर्मचारी फौरन वहां पहुंचे और बच्ची को बाड़े से बाहर निकाला। बच्ची को नीचे फेंकने की वजह से उसे चोट लगी, जो अस्पताल में इलाज के बाद ठीक हो गई। मां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, लेकिन बाद में वो रिहा हो गई। एक दिन बच्ची अपने घर में मृत मिली। उसके शरीर पर चाकू से गोदने के निशान थे। बच्ची की लाश को देखकर मालूम होता था कि किसी ने बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या की है। पुलिस की जांच-पड़ताल में पता चला कि बच्ची का कत्ल किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी मां ने किया है। गिरफ्तारी के बाद महिला ने अपना गुनाह कबूल किया और दहाड़ें मारकर रोने लगी। एक जंगली जानवर को बच्ची पर रहम आ गया, लेकिन सगी मां को बेटी पर रहम नहीं आया।

अन्य समाचार

पिता