मुख्यपृष्ठनए समाचारकुशनगरी की दुर्गापूजा में अदब से बजेगा डीजे !

कुशनगरी की दुर्गापूजा में अदब से बजेगा डीजे !

-दुर्गापूजा महोत्सव को लेकर अफसरों के साथ पूजा आयोजकों की बड़ी बैठक

विक्रम सिंह / सुल्तानपुर

भले ही देश के तमाम शहरों में कानफोड़ू शोर के लिए कुख्यात डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लग चुका है, लेकिन यूपी के सुल्तानपुर शहर की मशहूर अनूठी ‘दुर्गापूजा’ में डीजे जमकर बजेगा, लेकिन अदब के साथ! अफसरों ने ध्वनि मानकों के नियमानुसार, इसके प्रयोग की अनुमति प्रदान कर दी है। साथ ही महोत्सव की शोभायात्रा में प्रतिभाग करने वाले हरेक डीजे संचालकों के नाम सम्बंधित पूजा पंडालों के आयोजकों से प्रशासन ने मांगे हैं। शुक्रवार को सुल्तानपुर जिला मुख्यालय पर कलक्टर और कप्तान समेत आला अफसरों के साथ पूजा समितियों की बैठक में ये फैसला लिया गया।
डीएम कुमार हर्ष व पुलिस कप्तान कुंवर अनुपम सिंह की अध्यक्षता, मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, प्रशिक्षु आई.ए.एस. रिदम आनन्द, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह, पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, केन्द्रीय पूजा समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय सहित सभी पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में दुर्गा पूजा महोत्सव, दशहरा व रामलीला, मूर्ति विसर्जन रथयात्रा आदि की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने केन्द्रीय समिति एवं पूजा पंडालों के प्रतिनिधिगणों के साथ सभी तैयारियों जैसे पंडालों की स्थापना, विसर्जन शोभायात्रा आदि के सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने महोत्सव के दृष्टिगत सभी आधारभूत सुविधाएं स्वच्छता, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात, परिवहन, पूजा पंडाल स्थापना की अनुमति, लॉ एण्ड ऑर्डर आदि से सम्बन्धित गहन चर्चा की। बैठक में पालिकाध्यक्ष ने तैयारियों के मद्देनजर प्रकाश। उन्होंने जिला प्रशासन को दुर्गापूजा महोत्सव के दृष्टिगत शोभा यात्रा/रथ यात्रा की ऊंचाई, मानक के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग, धार्मिक गाने, रूट डायवर्जन, विद्युत, सड़क, परिवहन व्यवस्था, वॉलेन्टियर्स, साफ-सफाई, पेयजल, मूर्ति विसर्जन स्थल की साफ-सफाई आदि के सम्बन्ध में पूजा समितियों द्वारा की गई तैयारियों व दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। कहा कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी आगामी त्यौहार को सौहार्दपूर्ण व भाईचारे के साथ सम्पन्न कराया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी समिति पदाधिकारियों से आग्रह किया कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत लगने वाले पंडालों में वालेन्टियर्स की सूची मोबाइल नम्बर व नाम सहित पुलिस प्रशासन को अवश्य उपलब्ध करा दें। उन्होंने समिति के पदाधिकारी गणों से अनुरोध किया कि शोभायात्रा में प्रयुक्त होने वाले डी.जे. स्वामी व आपरेटर का नाम, मोबाइल सहित अवश्य उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर सी.सी.टी.वी. कैमरा, यातायात की व्यवस्था व डी.जे. की ध्वनि मानक के अनुरूप रखें। उन्होंने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि पर्याप्त पुलिस बल लगाए।
डीएम ने सभी उपस्थित समिति के पदाधिकारियों व पंडालों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन शोभा यात्रा में डीजे की ध्वनि व ऊंचाई मानक के अनुरूप रखें। जिससे दुर्गापूजा महोत्सव भाईचारे व शालीनता के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

अन्य समाचार