मुख्यपृष्ठसमाचारनाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया

फायरिंग कर भाग रहा था अभियुक्त, जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद

राजेश सरकार / प्रयागराज

पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर पकड़ा गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना पूरामुफ्ती में दर्ज मुकदमा संख्या 74/2026, धारा 65(1), 137(2), 331(4), 118(1), 351(3) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट में वांछित चल रहे अभियुक्त मुशर्रफ पुत्र लाडे मियां, निवासी अहमदपुर पावन, थाना पूरामुफ्ती, की पुलिस टीम तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर 21 जून की रात पुलिस टीम ने फतेहपुर से टिकरी जाने वाले मार्ग स्थित ककरहा तिराहे के पास घेराबंदी की।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, दो खोखा कारतूस .315 बोर और 160 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमला करने की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
-दुष्कर्म की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि गांव निवासी मुशर्रफ ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं।
गिरफ्तार आरोपी मुशर्रफ (27) पुत्र लाडे मियां, निवासी अहमदपुर पावन, थाना पूरामुफ्ती, प्रयागराज के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-बरामदगी:
* एक अवैध तमंचा .315 बोर
* दो जिंदा कारतूस .315 बोर
* दो खोखा कारतूस .315 बोर
* 160 रुपये नकद
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार के नेतृत्व में पूरामुफ्ती पुलिस टीम शामिल रही।

अन्य समाचार