-एमपी की घटना ने इंसानियत को किया शर्मसार…सोशल मीडिया पर लोगों ने पूछे सवाल, `आखिर असली जानवर कौन?’
मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत को शर्मसार और हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक किसान और उसके दो जल्लाद बेटों ने दूसरे किसानों की १२ भैंसों के कुल्हाड़ी से थन काट दिए। साथ ही उनके सींग भी काट दिए। इस कारण भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गर्इं। दरअसल, उन्हें इस बात से आपत्ति थी कि मवेशी उनके खेतों से होकर गुजरते थे। इंसानियत को शर्मसार कर देनेवाली घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए एक सवाल पूछा है कि आखिर असली जानवर कौन है।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों बेटों सहित उनके पिता पर कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील के अंतर्गत मायापुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव का है। इस मामले में मवेशियों के मालिक फरियादी कृपान सिंह गुर्जर ने बताया, `शनिवार शाम लगभग ६ बजे उनकी १० भैंसें और भैयालाल लोधी और लखन कुमार शर्मा की दो भैंसें गांव के पास पठार पर चारा खा रही थीं। इसी दौरान किसान शिवदयाल लोधी अपने बेटों टीकाराम और अनिल लोधी के साथ मौके पर पहुंचे और भैंसों के खेत में घुसने पर तीनों ने मिलकर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया, `भैंसों को जब हमने देखा तो वो दर्द से तड़प रही थीं। हर तरफ खून ही खून था। हमने पशुओं के डॉक्टर को बुलाया। पशुओं की हालत बहुत गंभीर है। उनका इलाज किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि बेजुबानों के साथ ऐसा सलूक करने वालों को सख्त से सख्त सजा हो।
