बिहार की राजनीति में अपने बेबाक बयानों और विवादित व्यवहार के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले जेडीयू विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह है उनका एक डांस वीडियो, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनके बेटे आशीष मंडल के रेस्टोरेंट में आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम का है, जिसमें नीतीश के विधायक कुर्ता उठाकर ढिंका-चिका गाने पर डांस कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इस डांडिया नाइट का आयोजन दुर्गा पूजा के मौके पर किया गया था। रेस्टोरेंट में जैसे ही डीजे पर ‘ढिंका-चिका, ढिंका-चिका’ गाना बजा, विधायक गोपाल मंडल खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर थिरकने लगे। उनके समर्थकों ने भी तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। शुरू में माहौल बेहद मस्तीभरा था, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बदल गई और मामला विवाद का कारण बन गया। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग विधायक के इस आचरण की आलोचना कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।
समर्थक ने रोका तो जड़ दिया चांटा
दरअसल, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विधायक मस्ती में अपना कुर्ता उठाकर डांस करने लगे। यह देखकर उनके साथ मौजूद एक समर्थक ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बस यही बात विधायक को नागवार गुजरी और उन्होंने मंच पर ही उस समर्थक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
