मुख्यपृष्ठखेलडीपीएस मैदान पर लॉन टेनिस खिलाड़ियों का जमावड़ा

डीपीएस मैदान पर लॉन टेनिस खिलाड़ियों का जमावड़ा

राजेश सरकार / प्रयागराज

इंदिरा मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध संगम नगरी प्रयागराज में लॉन टेनिस के महारथी खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा है। दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसायटी के अंतर्गत तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर लॉन टेनिस प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह गुरुवार को डीपीएस कैंपस में हुआ।

भारत के हर राज्य से आए राष्ट्रीय स्तर के दिल्ली पब्लिक स्कूल के 24 शाखाओं से लगभग सौ खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं। उद्घाटन समारोह में सभी टीम ने अपनी-अपनी शाखा का प्रतिनिधित्व करते हुए स्कूल परिसर में कदमताल किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद इलाहाबाद विश्वविद्यालय की विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा प्रोफेसर डॉ अर्चना चहल ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को को योग,खेल,व्यायाम के लिए प्रोत्साहित किया।

उद्घाटन मैच दिल्ली पब्लिक स्कूल ईस्ट बंगलुरु और दिल्ली पब्लिक स्कूल कलिंगा के बीच हुआ। मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल ईस्ट बंगलुरु की पी प्रीती ने 6-0 से जीत हासिल की। दिल्ली पब्लिक स्कूल प्रयागराज में चल रहे राष्ट्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में टेनिस के प्रति रुचि और खेलभावना का विकास करना है‌। स्कूल निदेशिका सोनू सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या डॉ. सुजाता सिंह ने जीवन में खेल और प्रतियोगिता के महत्व को रेखांकित किया। यह प्रतियोगिता ११अक्टूबर को खत्म होगी |

अन्य समाचार