-अमदाबाद के रास्ते लंदन भागा
सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे का कुख्यात गैंगस्टर निलेश घायवल पुलिस को चकमा देकर विदेश भाग गया है, लेकिन पुणे पुलिस ने इससे इनकार किया था। इस बीच राकांपा (शरदचंद्र पवार) पार्टी के विधायक रोहित पवार ने विधान परिषद के सभापति राम शिंदे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैंगस्टर निलेश घायवल शिंदे का करीबी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि निलेश के भाई सचिन घायवल को गृह राज्य मंत्री योगेश कदम के हस्ताक्षर वाला बंदूक का लाइसेंस दिया गया था और निलेश अमदाबाद के रास्ते लंदन भागा था।
गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोहित पवार से निलेश घायवल के भाई को बंदूक का लाइसेंस दिए जाने के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए रोहित पवार ने कहा कि गैंगस्टर निलेश घायवल महाराष्ट्र के मौजूदा विधान परिषद सभापति राम शिंदे का करीबी है।
राम शिंदे ने गृह राज्य मंत्री योगेश कदम को फोन करके या गृह विभाग के कार्यालय पर दबाव डालकर सचिन घायवल को बंदूक का लाइसेंस दिलाया होगा। उन्होंने आगे कहा कि जब कोई व्यापारी पिस्तौल या बंदूक का लाइसेंस लेने जाता है तो उसे नहीं दिया जाता है, लेकिन एक गैंगस्टर के भाई को आसानी से बंदूक का लाइसेंस मिल रहा है, इससे स्पष्ट होता है कि इसमें बहुत वरिष्ठ स्तर के लोग शामिल होंगे। इस मामले में गृह विभाग, स्वयं गृह मंत्री या राम शिंदे भी इसमें शामिल हो सकते हैं?
