-थाने में बैठकर हंसता रहा आरोपी
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक छात्रा यौन उत्पीड़न की शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो आरोपी को अपने साथ लेकर दारोगा पीड़िता के घर पहुंच गया। हद तो तब हो गई जब खाकी वर्दी धारी दारोगा मुंह में मसाला डालकर आरोपी के सामने ही पीड़िता को धमकाने लगा कि ‘समझौता कर लो, नहीं तो तुम्हारी बदनामी होगी।’
मामला जाजमऊ थाना क्षेत्र का है, जहां बीए की एक छात्रा आरोपी देवेंद्र प्रजापति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची, लेकिन वहां तैनात सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार शुक्ला ने पीड़िता को न्याय दिलाने की बजाय उस पर समझौता करने का दबाव बनाया। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
तेजाब फेंकने की धमकी
जब पीड़िता शिकायत करने थाने पहुंची तो सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार शुक्ला ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय पीड़िता को समझौते के लिए मजबूर करने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि दारोगा खुद आरोपी को लेकर पीड़ित के घर पहुंचा और कहा कि ‘कॉम्प्रोमाइज कर लो, वरना तुम्हारी बदनामी होगी।’ इस दौरान भी आरोपी ने पीड़िता को धमकाते हुए तेजाब फेंकने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि दारोगा ने उन्हें डराया-धमकाया और मामले को दबाने की कोशिश की। जब थाने से कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़िता अपनी शिकायत लेकर एसीपी आकांक्षा पांडे के पास पहुंची। एसीपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी देवेंद्र प्रजापति के खिलाफ एफआरआई दर्ज कराई और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार शुक्ला के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
शादी के लिए डालता था दबाव
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, पुराना गोसैला, जाजमऊ का रहनेवाला आरोपी देवेंद्र प्रजापति पिछले एक साल से उनका पीछा कर रहा था। आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है और उसे रोजाना परेशान करने के साथ ही न केवल अश्लील मैसेज भेजता था, बल्कि रास्ते में रोककर बात करने की कोशिश करते हुए उस पर शादी करने के लिए दबाव डालता था।
