कल्याण : फलटण (जिला सातारा) उपजिला अस्पताल में कार्यरत महिला वैद्यकीय अधिकारी डॉ. संपदा मुंडे की आत्महत्या प्रकरण ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कथित हस्तक्षेप और गंभीर प्रशासनिक त्रुटियों के आरोप सामने आने के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) गट ने सोमवार को कल्याण परिमंडल-3 के उप पुलिस आयुक्त अतुल झेंडे से मुलाकात कर उन्हें उच्चस्तरीय जांच की मांग वाला निवेदन सौंपा।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ युती सरकार के काल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे महिला सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा हुआ है। उन्होंने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर वैशाली दरेकर, लक्ष्मी अंगरखे और शिवसेना(उद्धव बालासाहब ठाकरे) महिला आघाड़ी की अन्य सदस्य उपस्थित थीं।
