राजेश सरकार / प्रयागराज
बारा थाना क्षेत्र के गौहानी गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक लसोड़ा के पेड़ से युवक का शव गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची बारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गौहानी गांव निवासी संदीप आदिवासी (31) पुत्र मानधर आदिवासी का शव रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर एक लसोड़ा के पेड़ से लटका मिला। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, संदीप शनिवार देर रात शराब के नशे में घर लौटे थे। इसके बाद वह सोने चले गए। सुबह जब वह घर में नहीं मिले तो किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनका शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली। बताया जाता है कि संदीप पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है। उनकी असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के पिता मानधर आदिवासी ने रविवार सुबह करीब नौ बजे बारा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बारा थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
