रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई। काशी मीरा हायवे मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में शनिवार, 1 नवंबर को 136वां भंडारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भंडारे में वितरित महाप्रसाद का लाभ उठाया।
मंदिर के ट्रस्टी डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हनुमान मंदिर एक जागृत एवं मनोकामना पूर्ण करने वाला पावन स्थल है। वर्षों से यहां आने वाले भक्त अपनी आस्था से जुड़कर हनुमान जी से मनोकामनाएं मांगते हैं और उनकी सिद्धि का अनुभव करते हैं। यही कारण है कि यहां आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार की तरह इस शनिवार भी विशेष बृहत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भंडारे में भक्तों के लिए स्वादिष्ट प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ, भजन संकीर्तन और दीप प्रज्वलन के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बताया कि संकटमोचन हनुमान मंदिर केवल पूजा का स्थान ही नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक एकता का केंद्र भी बन चुका है। यहां प्रत्येक त्योहार और विशेष अवसर पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में सद्भाव और सेवा की भावना मजबूत होती है।
भक्तों ने भंडारे के बाद हनुमान जी की आरती में भाग लिया और उनके आशीर्वाद से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
136वें भंडारे के सफल आयोजन से भक्तों में गहरी श्रद्धा और संतोष का भाव देखा गया, वहीं मंदिर प्रबंधन समिति ने आगामी आयोजनों में और अधिक भक्तों की भागीदारी की उम्मीद जताई।
