मुख्यपृष्ठसमाचारदेशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस के...

देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस के सामने हथियार सप्लाई की गुत्थी बरकरार


अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

उल्हासनगर : शहर में अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम कसने के प्रयास में उल्हासनगर अपराध शाखा को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित तिलकराम चौधरी (25) के रूप में हुई है। हालांकि, एक बार फिर पुलिस के सामने यह सवाल बरकरार है कि यह हथियार आखिर कहां से लाए जा रहे हैं और किसके लिए?

मिली जानकारी के अनुसार, उल्हासनगर क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भानुशाली नगर, जैन मंदिर, खडेगोलवली गांव, कोलसेवाड़ी (कल्याण पूर्व) क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेश आव्हाड के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम—गणेश गावडे, राजेंद्र थोरवे, चंद्रकांत सावंत, रितेश वंजारी और सुरेश जाधव—ने मौके पर जाल बिछाया।

कुछ देर बाद टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे घेरकर तलाशी ली तो उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियार की अनुमानित कीमत करीब ₹16,000 बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। फिलहाल आरोपी पर भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25, तथा मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) व 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में उल्हासनगर और आसपास के क्षेत्रों से कई बार अवैध हथियारों की बरामदगी की जा चुकी है। दर्जनों हथियारों के सौदागर पकड़े जाने के बावजूद अब तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि ये हथियार किस गिरोह या नेटवर्क से जुड़े हैं।

जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कट्टा कहां से खरीदा गया और किसे सौंपने के लिए लाया गया था।

स्थानीय नागरिकों में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी बरामदगियों से यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में हथियारों की अवैध आपूर्ति का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयासरत है।

अन्य समाचार