राधेश्याम सिंह
वसई। मुंबई-अमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नालासोपारा के पेल्हार क्षेत्र के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा में सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह एक ही सप्ताह में हुआ दूसरा भीषण हादसा बताया जा रहा है। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुजरात की दिशा से मुंबई की ओर जा रहा एक ट्रक पेल्हार पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर एक ऑटो-रिक्शा से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसमें बैठे पिता-पुत्र बुरी तरह फंस गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल गैलेक्सी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शहजाद गुलाम उस्मानी (52) और आतिफ शहजाद उस्मानी (22) के रूप में हुई है। दोनों पेल्हार गाँव के निवासी थे और रोज़गार के सिलसिले में अपनी रिक्शा लेकर मुंबई की ओर जा रहे थे। दुर्भाग्यवश, घर से कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हुआ।घटना की जानकारी मिलते ही पेल्हार पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में अपघाती मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबळे ने बताया कि “चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच जारी है।” स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव तेज़ी से बढ़ा है। इस बढ़ती भीड़ के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।मृतक पिता-पुत्र के घर में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सिर्फ सात दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं।
