– रेप के बाद भाभी को भी उतारा मौत के घाट
– १५ साल के युवक का कांड देखकर हिल गया गुजरात
गुजरात के जूनागढ़ से लगभग ५० किमी दूर एक गांव में रिश्तों के कत्ल की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक १५ साल के लड़के ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया, जिसे सुनकर पुलिसवाले भी दंग रह गए। आरोपी ने बताया कि उसने पहले अपने बड़े भाई को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद डरी हुई प्रेग्नेंट भाभी की अस्मत लूटी और बड़ी ही निर्दयता के साथ हत्या कर डाली। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।
दिल को झकझोर देने वाली यह घटना १६ अक्टूबर को घटित हुई। जघन्य हत्याकांड का खुलासा तब हो सका, जब बिहार में रहने वाले मृतक महिला के मायके पक्ष के लोगों ने विसावदर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी १५ साल का लड़का डेयरी में काम करता था। वह अपने बड़े भाई से क्रोधित रहता था, क्योंकि उसका भाई कथित तौर पर उसे मारता था और पैसे भी छीन लेता था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसने बड़े भाई की जान ले ली। भाई की हत्या करते समय वहां मौजूद भाभी ने देख लिया। जिस पर लड़का डर गया। गर्भवती भाभी ने उसे छोड़ देने की बात कही। तब लड़के ने कहा कि अगर वह उसके साथ संबंध बनाती है तो फिर वह उसे छोड़ देगा। छह माह की प्रेग्नेट भाभी के साथ लड़के ने दुराचार किया।
मां ने भी दिया आरोपी बेटे का साथ
पुलिस ने मामले में लड़के की मां को भी गिरफ्तार किया है। लड़के की मां ने शवों को ठिकाने लगाने में मदद की थी। जब पुलिस ने लाशों को खोदकर गड्ढे से बाहर निकाला तो मृतक महिला का शव नग्नवस्था में था और भ्रूण गर्भाशय से बाहर आ चुका था। शवों को पांच फीट गहरे गड्ढे में दबाया गया था और कोई निशान न मिले। इसके लिए कपड़ों को जला दिया था।
