– बीड़ी-गुटखा-तंबाकू ले जाते धरा रहे मरीजों के परिजन
अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में सुरक्षा गार्ड ने दवाई के पैकेट में शराब ले जाते हुए मरीज के एक परिजन को पकड़ा है। इससे पहले भी अक्सर गुटखा, तंबाकू और शराब जैसे प्रतिबंधित प्रदार्थ अस्पताल में ले जाते हुए लोग पकड़े गए हैं। अस्पताल के शौचालय में आज भी शराब की बोतल, बीड़ी-सिगरेट, गुटका देखा जा सकता है। हालांकि, ऐसे पदार्थ पकड़े जाने पर आर्थिक दंड वसूला जाता है।
शनिवार को मध्यवर्ती अस्पताल के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मी मरीजों के परिजनों को अस्पताल में मिलने के लिए छोड़ रहे थे। तभी एक व्यक्ति सुरक्षाकर्मियों से नजरें बचाकर अस्पताल के अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से शराब की बोतल मिली, जो वह दवाई के पैकेट में छुपाकर ले जा रहा था। उसका नाम गणेश बताया जा रहा है। गार्ड ने शराब की बोतल जमा कर उसे भीतर जाने से रोक दिया।
मरीजों की सुरक्षा के लिए सख्ती जरूरी
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह कदम मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। स्वास्थ्य के मंदिर कहे जाने वाले अस्पताल में ऐसे नशीले पदार्थों की कोई जगह नहीं है। हमने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया है। अस्पताल में गुटखा, तंबाकू या शराब लेकर आने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
