सामना संवाददाता / मुंई
नई मुंबई के भोकरपाड़ा जल शुद्धिकरण केंद्र के एमबीआर में नई पाइपलाइन बिछाने का काम मंगलवार को शुरू किया जाएगा। साथ ही मुख्य पाइपलाइन के वॉल्व बदले जाएंगे, जिसके कारण मंगलवार को सुबह ९ बजे से बुधवार भोर ३ बजे तक नई मुंबई शहर में जलापूर्ति बंद रहेगी। इसके साथ ही बुधवार को दिन में भी कम दबाव से पानी की सप्लाई होगी। ऐसे में दो दिनों तक नवी मुंबईकरों को पानी के संकट का सामना करना पड़ेगा। बता दें कि नई मुंबई शहर को खालापुर क्षेत्र में स्थित मोरबे बांध से पानी की आपूर्ति की जाती है। मोरबे बांध का पानी भोकरपाड़ा जल शद्धिकरण केंद्र से नई मुंबई शहर में आता है। इस केंद्र के एमबीआर में मंगलवार, ४ नवंबर को एक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन के कुछ वाल्व क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन वाल्वों को बदलने का काम भी किया जाएगा। इस दौरान पानी का उपयोग सावधानी पूर्वक करने का आह्वान जलापूर्ति विभाग ने नागरिकों से किया है।
