कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अमदाबाद में सरदार पटेल जयंती समारोह कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर शुक्रवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री अंग्रेजों की तरह हैट लगाकर राजा की तरह बैठे थे। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में अभी दूसरों की सरकार है, मोदी अभी सम्राट नहीं बने हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की उनकी सरकार नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू की दो बैसाखियों पर टिकी है। खड़गे ने कहा कि यह अजीब लगा कि समारोह में पीएम मोदी ब्रिटिश टोपी पहने एक राजा की तरह अकेले बैठे थे। उनके आसपास गृहमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री नहीं था।
अमदाबाद में सीडब्ल्यूसी की बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरदार पटेल की १५०वीं जयंती हर जगह मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार पार्टी में चल रहे हैं। मुझे बहुत दुख है कि आज ही इंदिरा गांधी का शहादत दिवस भी है। खड़गे ने कहा कि दोनों ही महापुरुष हैं, एक आयरन मैन और दूसरी आयरन लेडी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान बहुत बड़ा है। वहीं इंदिरा गांधी ने भी देश की एकता के लिए कुर्बानी दी। लेकिन जिस पार्टी के लोग देश के लिए मर मिटे हैं, उस पर बहुत तीखा प्रहार होता है। खड़गे ने कहा कि आरएसएस पर जब हम कुछ कहते हैं तो हमें घेरा जाता है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल ने ४ फरवरी १९४८ में एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि महात्मा गांधी की मृत्यु पर आरएसएस ने खुशी मनाई और मिठाई बांटी थी। खड़गे ने अपने बयान में कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लिखे पत्र में सरदार पटेल ने आरएसएस के बारे में कहा था कि संघ के वातावरण की वजह से महात्मा गांधी की हत्या हुई।
